फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: बिहार से गोरखपुर होकर चलीं दो नई अमृत भारत ट्रेनें

विज्ञापन
रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर दो पंहुची अमृत भारत एक्सप्रेस।
विज्ञापन
एनईआर की पहली अमृत भारत छपरा-आनंद विहार से आए यात्रियों का रेलवे स्टेशन पर हुआ स्वागत
विज्ञापन

गोरखपुर। बिहार से गोरखपुर के रास्ते सोमवार को दो नई अमृत भारत ट्रेनें चलाई गईं। इसमें पूर्वोत्तर रेलवे की पहली अमृत भारत छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस भी शामिल है। रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये छपरा-आनन्द विहार और दरभंगा-मदार के बीच चलने वाली अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
छपरा से गोरखपुर होते हुए आनंद विहार जाने वाली पूर्वोत्तर रेलवे की पहली अमृत भारत एक्सप्रेस 20 अक्तूबर से रेगुलर ट्रेन के रूप में चलेगी। सप्ताह में दो दिन चलने वाली इस ट्रेन का शेड्यूल रेलवे बोर्ड जल्द ही जारी करेगा।
विज्ञापन

गोरखपुर जंक्शन पर छपरा-आनंद विहार अमृत भारत के पहुंचने पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, स्टेशन निदेशक रतनदीप गुप्ता समेत अन्य अफसर और कर्मचारियों ने यात्रियों का स्वागत किया। यात्रियों से उनका अनुभव पूछा। छपरा जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम में बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस के चलने से छपरावासियों को सिवान, थावे, कप्तानगंज, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बाराबंकी, बादशाहनगर, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, इटावा होते हुए आनंद विहार (दिल्ली) जाने के लिए एक किफायती, तीव्रगामी एवं आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। समारोह का संचालन एवं सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापन मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने किया। गोरखपुर होकर अब सात अमृत भारत ट्रेनें चलने लगी हैं।

निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, सोमवार को उद्घाटन ट्रेन के रूप में 05133 छपरा-आनन्द विहार टर्मिनल छपरा से पूर्वांह्न 11:00 बजे प्रस्थान कर अपराह्न तीन बजे और 05587 दरभंगा-मदार उद्घाटन स्पेशल दरभंगा से पूर्वांह्न 11:00 बजे चलकर रात 8.30 बजे गोरखपुर पहुंची। दोनों ट्रेनों में पेंट्रीकार भी लगाए गए हैं। 22 बोगियों वाली अमृत भारत एक्सप्रेस में 1834 यात्री सफर कर सकेंगे। ये ट्रेनें 130 किमी की रफ्तार से दौड़ेंगी।
विज्ञापन

सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि नई ट्रेनों में सीसीटीवी कैमरे लगे रहेंगे। टॉक-बैक सिस्टम से यात्री आपात स्थिति में सीधे लोको पायलट व ट्रेन मैनेजर से संपर्क कर सकेंगे। वैक्यूम बायो टॉयलेट, आरामदायक सीटों की सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें