चिड़ियाघर में बुधवार को दो कौवे मरे हुए मिले। सूचना पर चिड़ियाघर प्रशासन ने दोनों कौओं समेत बाघ, शेर, भालू, तीन तेंदुए और पांच पक्षियों का भी सैंपल लिया। कुल 13 सैंपल जांच के लिए राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग
संस्थान, भोपाल भेज दिए गए हैं।
बाघिन शक्ति की बर्ड फ्लू से मौत के बाद पूरे चिड़ियाघर में सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। हर इलाके पर जू-कीपर चिड़ियों सहित कौओं पर नजर रखना शुरू कर दिए हैं। बुधवार को माउंट के पास दोपहर में एक कौआ कर्मियों को मरा मिला।
जबकि, दूसरा कौआ हिरण के बाड़े के पास मरा पड़ा था। सूचना कर्मियों ने तत्काल डॉक्टरों को दी। इसके बाद दोनों के सैंपल लिए गए। फिर डॉक्टरों की टीम ने बाघ, शेर, तीन तेंदुए, भालू और पांच पक्षियों के सैंपल लेकर बर्ड फ्लू जांच के लिए राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान, भोपाल भेज दिया।
चिड़ियाघर के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि दो कौओं की मौत चिड़ियाघर में हुई है। दोनों का सैंपल लिया गया है। साथ 11 अन्य पक्षियों और वन्य जीवों के सैंपल लेकर बर्ड फ्लू जांच के लिए भोपाल भेज दिया गया है।