सोशल मीडिया पर फैली अफवाह के बाद यूपी पुलिस की तरफ से खंडन व कार्रवाई
- फोटो : स्त्रोत- सोशल मीडिया
गोरखपुर में सोशल मीडिया (फेसबुक) पर 40 की मौत की झूठी सूचना पर मंगलवार को जिले के दक्षिणांचल इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने छानबीन की तो मामला झूठा निकला। झूठी सूचना देने के आरोप में साइबर थाना प्रभारी संदीप सिंह ने फेसबुक यूजर पर आईटी एक्ट का केस दर्ज किया है।
साइबर थाना प्रभारी संदीप सिंह ने तहरीर में लिखा है कि मंगलवार सुबह 9:30 बजे शालू त्रिपाठी के फेसबुक अकाउंट से सोशल मीडिया पर सिकरीगंज क्षेत्र में बम गिरने से 40 लोग की मौत की सूचना वायरल की गई है। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि इस तरह कोई घटना गोरखपुर में नहीं हुई है।
फेसबुक यूजर ने गलत व भ्रामक सूचना सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। वायरल सूचना से आमजनमानस में काफी भय व दहशत व्याप्त है। साइबर अपराध थाने में केस दर्ज करके निरीक्षक जितेंद्र सिंह को जांच सौंपी गई है।
सोशल मीडिया पर लोग देने लगे प्रतिक्रिया
पोस्ट पर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कोई भारत-पाकिस्तान युद्ध की बात कह रहा था। कई लोग तो पोस्ट को झूठा बता रहे थे। ऐसा माना जा रहा है कि फाॅलोवर बढ़ाने के लिए ऐसा किया गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
प्रशासन ने पत्र जारी कर अफवाहों पर लगाया था विराम
जिले के दक्षिणांचल में मंगलवार सुबह तेज धमाके की आवाज सुनाई दी थी। आनन-फानन में जिला प्रशासन ने धमाके के संबंध में वायु सेना से बात कर पत्र जारी किया और अफवाहों पर विराम लगाया। अपर जिलाधिकारी व आपदा प्रभारी अधिकारी ने पत्र जारी कर बताया कि वायु सेना की ओर से नियमित रूप से अभ्यास किया जाता है।
इस दौरान स्पीड ऑफ साउंड की गति से वायुयान की गति अत्याधिक तीव्र होती है, इससे सुपर सोनिक बूम की आवाज सुनाई पड़ती है। किसी भी व्यक्ति को घबराने या डरने की आवश्यकता नहीं है।