रामगढ़ताल इलाके के विवेकपुरम कॉलोनी में शनिवार रात बरात में डीजे बजाने को लेकर बरातियों और मोहल्ले के कुछ लोगों के बीच मारपीट हो गई। दूल्हे का भाई दीपक और प्रदुम्न का सिर फट गया। उधर, दूसरे पक्ष का आरोप है कि बरात में आधी रात बज रहे डीजे को बंद कराने के गए युवक को मनबढ़ युवकों ने पीट दिया। पुलिस दोनों पक्ष की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पहला केस फुलवरिया निवासी गुलाब साहनी ने दर्ज कराया है। उनका कहना है कि बड़े बेटे की शादी शनिवार को थी। विवेकपुरम कॉलोनी में बरात गई थी। समधी सूरज के घर के सामने बरात जैसे ही पहुंची पड़ोसी प्रखर पांडेय के परिवार के लोग आ गए और बिना बात पर ही विवाद करने लगे। मना करने पर मारपीट पर उतारू हो गए।
दो बेटों के सिर पर गंभीर चोट आई। पुलिस ने गुलाब की तहरीर पर दिनेश पांडेय, उनके बेटे विशाल पांडेय, अविनाश पांडेय, प्रखर पांडेय पर गैर इरादतन हत्या की कोशिश, मारपीट, बलवा और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
वहीं, विवेकपुरम कॉलोनी के दिनेश पांडेय ने भी केस दर्ज कराया है। उनका कहना है कि घर के पास ही शनिवार को बरात आई थी। रात 12 बजे के बाद भी तेज डीजे बज रहा था, जिस वजह से आसपास के लोगों को दिक्कत हो रही थी। उन्होंने डीजे बंद करने का आग्रह किया तो कुछ युवकों ने मारपीट की। रविवार को पुलिस ने दिनेश की तहरीर पर अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।