सीतापुर के युवक और खजनी की एक महिला ने शादी कराने के नाम पर लिए थे रुपये
पीड़ित ने खजनी थाने में की शिकायत तो पुलिस ने सीतापुर का मामला बता लौटाया
गोरखपुर। सीतापुर जिले के कमलेश (40) से दो दलालों ने शादी के नाम पर रुपये ऐंठ लिए। पता चला कि दुल्हन भी लुटेरों के गैंग में शामिल है। पीड़ित कमलेश का आरोप है कि सीतापुर के एक व्यक्ति ने तीन हजार रुपये और खजनी की एक महिला ने 30 हजार रुपये लेकर उसे जाल में फंसाया। इसके बाद शुक्रवार को करीब 80 हजार रुपये के गहने और सामान लेकर जयमाल से पहले ही दुल्हन फरार हो गई। पुलिस से शिकायत की तो वहां भी न्याय नहीं मिला। पुलिस ने यह कहकर लौटा दिया कि यह सीतापुर का मामला है।
कमलेश ने अमर उजाला को बताया कि सीतापुर में एक व्यक्ति ने शादी कराने के बदले 30 हजार रुपये मांगे थे। तीन हजार रुपये दिए तो वह एक जनवरी को खजनी लेकर आया, यहां एक होटल में महिला और युवती आई। युवती से उसकी बात कराई गई। खजनी की महिला ने उसका नंबर ले लिया। लड़की को पसंद करने के बाद घर आने पर सीतापुर के दलाल ने कहा कि अब उसे अब 60 हजार रुपये चाहिए। 30 वह खुद लेगा और 30 हजार खजनी की महिला को देगा।
इसी बीच खजनी की महिला ने कॉल कर संपर्क किया। उसने कहा कि तीन जनवरी को 30 हजार रुपये लेकर आए, तत्काल उसकी शादी करा देगी। इसके बाद वह शादी करने बेटे के साथ खजनी आया था। यहां पर रुपये, गहने और सामान लेकर दुल्हन व बिचौलिया बनी महिला जयमाल से पहले ही बहाना बनाकर एक ऑटो से फरार हो गईं।
रुपये लेते वीडियो वायरल
तीन जनवरी को खजनी की बिचौलिया बनी महिला को रुपये देते वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि एक तरफ युवती मुंह पर साड़ी का पल्लू डाले खड़ी है, दूसरी तरफ महिला रुपये की लेन-देन की बात कर रही है। इस दौरान कमलेश उसे रुपये की गड्डी दे रहा है। महिला उससे और रुपयों की मांग कर रही है। अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
कई जिलों में सक्रिय है शादी कराने वाला गिरोह
सूत्रों की मानें तो गोरखपुर के साथ ही अन्य जिलों में भी शादी कराने वाला गिरोह सक्रिय है। इसमे महिलाएं मुख्य भूमिका निभा रही हैं। भोले-भाले लोग शादी के चक्कर में फंसकर अपनी गाढ़ी कमाई गंवा रहे हैं। जिले में दो तरह का गिरोह सक्रिय है। एक गैंग मध्यम वर्गीय और गरीब तबके की महिलाओं को अच्छी कमाई का झांसा देकर राजस्थान और हरियाणा में बेच देरा है। दूसरा गैंग शादी के नाम पर दूसरे राज्यों के अधेड़ों से रुपये लेकर लुटेरी दुल्हन से शादी कराता है। शादी के कुछ ही दिनों बाद दुल्हन घर का सामान समेट कर भाग जाती है।
राजस्थान में बेची गई थी सहजनवां की महिला, जांच ठप
दिसंबर माह में सहजनवां की महिला रीता देवी (43) को राजस्थान में बेचने का मामला सामने आया था। इसमे महिला को ढूंढकर सूर्यकुंड बिलंदपुर की राजमति और गोरखनाथ के बनकटवा के जितेंद्र को गिरफ्तार कर संतकबीरनगर की कोतवाली थाने की पुलिस ने जेल भिजवाया था। पीड़ित रीता ने पुलिस को बताया था कि रामगढ़ताल क्षेत्र की एक किशोरी को भी राजस्थान में बेचा गया है। साथ ही राजमति ने भी पुलिस को कई अहम जानकारियां दी थीं। संतकबीरनगर पुलिस इस मामले को गोरखपुर के किसी थाने में ट्रांसफर करने वाली थी। लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हो पाया है। लिहाजा पुलिस की जांच भी अब यहीं पर ठप हो गई है।