गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर आमी पुल के पास हुआ हादसा
कौड़ीराम। गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर आमी पुल के पास शनिवार शाम को एक ही लेन में आ रहे दो बाइक सवार टकरा गए। इसमें दोनों बाइक पर बैठे चार युवक घायल हो गए। इसमें दो युवकों की हालत गंभीर है।
जानकारी के अनुसार, देवरिया जिले के कोड़र निवासी गोलू साहनी (25) अपने साथी प्रिंस साहनी के साथ कौड़ीराम की तरफ आ रहे थे। सामने से दूसरी बाइक पर बस्ती निवासी सवार कमलेश (27) व पीछे बैठे मोहरीपुर निवासी सोनू (25) के साथ चंवरिया में विद्युत कार्य निपटाकर गोरखपुर जा रहे थे। गलत लेन में चलने के कारण एवं स्पीड अधिक होने के कारण दोनों बाइक बेलीपार के आमी पुल के पास आमने-सामने से टकरा गई। हादसे के बाद सड़क से गुजर रहे लोगों ने बाइक सवारों को किनारे कर एंबुलेंस व पीआरवी को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भिजवाया। लोगों ने बताया कि दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।