पिपराइच-कप्तानगंज मार्ग पर मगडीहा चौराहे पर हुआ हादसा, चालक कार समेत फरार
अहिरौली बाजार। पिपराइच-कप्तानगंज मार्ग पर बृहस्पतिवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
एम्स क्षेत्र के कूड़ाघाट निवासी हर्षपाल पांडेय व अखिलेश श्रीवास्तव एक ही बाइक से कप्तानगंज की तरफ जा रहे थे। अभी अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के मगडीहा चौराहे पर पहुंचे थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। कार से टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए। आस-पास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जगदीशपुर पिकेट पर मौजूद कांस्टेबल अनिल यादव व गुड्डू राजभर मौके पर पहुंचे और घायलों के परिजनों को सूचना देकर निजी साधन से दोनों को कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। संवाद