गुलरिहा पुलिस ने मेडिकल कॉलेज व आसपास से बाइक चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश
आरोपी नंबर प्लेट बदलकर करते थे नई वारदात, खंडहर में छिपाकर रखते थे चोरी की गाड़ियां
गुलरिहा। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज और उसके आसपास के इलाकों में सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की आठ बाइक बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान चिलुआताल थाना क्षेत्र के मोहरीपुर टोला संझाई निवासी श्यामसुंदर व विकास चौहान के रूप में हुई है।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी के मुताबिक, दोनों आरोपी लंबे समय से मेडिकल कॉलेज, सिटी अस्पताल, झुंगिया बाजार, फर्टिलाइजर रोड समेत अन्य इलाकों से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। चोरी के बाद वे गाड़ियों का नंबर प्लेट बदल देते थे और उन्हें चिलुआताल क्षेत्र के बरगदही लक्ष्य रिजॉर्ट के सामने बने खंडहर में छिपा देते थे। मौका मिलने पर ये बाइक दूसरे जिलों में ले जाकर सस्ते दामों में बेच देते थे। सोमवार की रात झंगिया चुंगी के पास गश्त कर रही गुलरिहा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बाइक के साथ मेडिकल कॉलेज सीआरसी बिल्डिंग के पास मौजूद हैं। पुलिस के पहुंचते ही दोनों भागने लगे, लेकिन पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता कबूल की।
गुलरिहा, चिलुआताल और पिपराइच थानों में दोनों के खिलाफ छह-छह केस पहले से दर्ज हैं। मेडिकल चौकी प्रभारी विकास मिश्रा की तहरीर पर दोनों के खिलाफ नए केस दर्ज कर मंगलवार को जेल भिजवा दिया गया।