सात जुलाई को गोरखनाथ और शाहपुर थाना क्षेत्र में हुई थी घटना
पुलिस ने बृहस्पतिवार की सुबह दोनों आरोपियों को हड़हवा फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया
गोरखपुर। गोरखनाथ और शाहपुर थाना क्षेत्र में सात जुलाई को महिला से पर्स और युवती से मोबाइल फोन छीनने के दो आरोपियों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। गोरखनाथ पुलिस की ओर से सुबह हड़हवा फाटक रेलवे लाइन से पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहपुर क्षेत्र के बिछिया जंगल तुलसीराम निवासी अमन कुमार भारती व जगदंबा गली मोहद्दीपुर निवासी तरुण राय के रूप में हुई। इनके पास से पांच मोबाइल फोन, एक बाइक और 1500 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, पिपराइच क्षेत्र की युवती सृष्टि श्रीवास्तव पादरी बाजार नंद नगर कॉलोनी में किराये पर कमरा लेकर रहती हैं। स्कूल में पढ़ते हुए वह बच्चों को कोचिंग भी पढ़ाती हैं। सोमवार सात जुलाई को अपराह्न 3:30 बजे सृष्टि ऑटो से पादरी बाजार पहुंचीं और पैदल कमरे पर जाने लगीं। इसी दौरान मोबाइल फोन पर कॉल आई। वह बात करते हुए आगे बढ़ रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश आए और फोन छीनकर भाग गए। इसके बाद दोनों बदमाशों ने गोरखनाथ क्षेत्र के हड़हवा फाटक के पास सावित्री शर्मा का पर्स भी छीन लिया और भाग गए।
सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि 72 घंटे के भीतर गोरखनाथ पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन, एक बाइक और 1500 रुपये नकद बरामद किया गया है। अमन सहजनवां थाने का गैंगस्टर है। इसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल नौ केस दर्ज हैं। वहीं, तरुण के खिलाफ चार केस दर्ज हैं।