झंगहा में 28 फरवरी को राम दयाल ने दादा-दादी और दादा के भाई की थी हत्या
जेल में 24 घंटे निगरानी में रखा गया आरोपी, चार-चार घंटे की ड्यूटी कर रहे बंदी रक्षक
गोरखपुर। झंगहा के कोइरान टोला में हुए ट्रिपल मर्डर की जांच पुलिस ने तेज कर दी है। झंगहा पुलिस का दावा है कि सात दिन के अंदर ही केस की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी जाएगी। ताकि, कोर्ट में पैरवी कर आरोपी को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके। उधर, खतरे को देखते हुए जेल में आरोपी राम दयाल को सेवन डी बैरक में रखा गया है। बंदी रक्षक चार-चार घंटे की ड्यूटी कर रहे हैं।
झंगहा थाना प्रभारी जयंत कुमार ने बताया है कि इस केस में मां कुसमावती और पिता विजय बहादुर का बयान ले लिया गया है। गांव के लोग गवाह नहीं बन रहे हैं। उनका कहना है कि सुबह में शोर होने पर वे घटनास्थल पर गए तो बुजुर्गों का शव पड़ा था। किस तरह घटना हुई, ये किसी ने नहीं देखा है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी राम दयाल पर तीन लोगों की हत्या के साथ पालतू जानवर को मारने की कोशिश का भी केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पड़वा का इलाज करने वाले डॉक्टर का बयान भी लेना है। एक सप्ताह के अंदर इस केस की जार्चशीट दाखिल कर दी जाएगी।
-
सेवन डी बैरक में अकेल है आरोपी
जेल अधीक्षक दिलीप पांडेय ने बताया है कि ट्रिपल मर्डर के आरोपी राम दयाल को जेल अस्पताल के सेवन डी बैरक में अकेले रखा गया है। बैरक के बाहर एक बंदी रक्षक की भी डयूटी लगाई गई है। साथ ही पुराने नंबरदार बंदियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। वे चार-चार घंटे समय सारिणी बनाकर ड्यूटी कर रहे हैं। आरोपी को समय से जिला अस्पताल के मनोचिकित्सक डॉ. अमित शाही की दवाएं नंबरदार बंदियों को दी जा रही हैं।
ये थी पूरी घटना
झंगहा इलाके में 28 फरवरी की भोर में पांच बजे रामदयाल ने अपने दादा, दादी और दादा के बड़े भाई की फावड़े और कुल्हाड़ी से हमलाकर हत्या कर दी। तीनों के शव को एक साथ रखकर आरोपी हाथ में कुल्हाड़ी लेकर बैठ गया था। मरने वालों की पहचान आरोपी के दादा कुबेर (72), उनकी पत्नी द्रौपती देवी (70) और कुबेर के बड़े भाई साधू (75) के रूप में हुई थी।
कोट-
केस की विवेचना चल रही है। इसमें जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी। आरोपी को सख्त सजा दिलाने के लिए साक्ष्य एकत्रित कर लिए गए हैं।
- जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी उत्तरी