खजनी। खजनी थाना क्षेत्र की महुआडाबर चौकी अंतर्गत रामपुर मलौली गांव के निवासी पप्पू वर्मा और बरडांड़ कस्बे के व्यापारी सोनू जायसवाल से रंगदारी की मांग करने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर रात लगभग 10 बजे भिटी खोरिया निवासी एक व्यक्ति ने दोनों व्यापारियों को अलग-अलग नंबरों से कॉल किया और 20-20 हजार रुपये की रंगदारी की मांग की। आरोपी ने धमकी दी कि अगर तय समय पर पैसे नहीं दिए गए, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। सतर्कता दिखाते हुए पप्पू वर्मा ने फोन पर हुई बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद उन्होंने इस मामले की सूचना महुआडाबर चौकी पुलिस को दी। खजनी थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि आरोपी पहले वादी की दुकान में काम करता था और रात के समय शराब के नशे में व्यापारियों से पैसे मांग रहा था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। जल्द उसे गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।