सीएम-ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (अर्बन) के तहत बन रही है तीन सड़कें
अर्बन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एजेंसी की आज आएगी टीम
गोरखपुर। सीएम-ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (अर्बन) के तहत निर्माणाधीन शहर की तीन सड़कों की आज (रविवार) जांच होगी। इसके लिए रविवार को अर्बन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एजेंसी की टीम गोरखपुर आएगी। निरीक्षण के बाद टीम स्थानीय अधिकारियों के साथ विभिन्न पहलुओं पर विचार विमर्श भी करेगी।
सीएम ग्रिड (अर्बन) के तहत प्रस्तावित स्मार्ट रोड बंगलूरू और चेन्नई की तर्ज पर बनाई जा रही है। परियोजना के फेज वन में राप्तीनगर वार्ड के शाहपुर की 03 सड़कें चयनित हैं। 44.88 करोड़ रुपये से शाहपुर थाना होते हुए रिद्धि अस्पताल तक 510 मीटर लंबी व 24 मीटर चौड़ी की जा रही है। दूसरी सड़क मेडिकल कॉलेज रोड दूरदर्शन आवास होते हुए ब्रदर्स बेकरी तक 471 मीटर लंबी और 18 मीटर चौड़ी है। तीसरी सड़क राजीवनगर कुआं से राप्तीनगर विद्युत कार्यालय तक 1417 मीटर लंबी और 18 मीटर चौड़ी बनेगी। तीनों ही सड़कें एक दूसरे से जुड़ी हुई हैं।
सहायक अभियंता शैलेश कुमार ने बताया कि बारिश के सीजन को ध्यान में रखते हुए पहले जलनिकासी संबंधी कार्य पूरे कराए जा रहे हैं। पिछले दिनों नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने महापौर संग निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने पर जो दिया था। रविवार को सीएम ग्रिड योजना के इन कार्यों का निरीक्षण करने यूरिडा की तकनीकी टीम से नंदनी शर्मा अपनी टीम के साथ सड़क निर्माण कार्यों का जाएजा लेंगी।