पूर्वी यूपी में एक सप्ताह से नहीं हुई बारिश, लोग बेहाल, पूरे दिन तेज धूप में परेशान रहे
गोरखपुर। एक सप्ताह से बारिश नहीं होने, तेज धूप और पछुवा हवा के चलते हीट वेव (लू) का सामना कर रहे लोगों को बुधवार से राहत की उम्मीद है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि पुरवा हवा चलने से वातावरण में नमी बढ़ेगी, जिससे बारिश होने की संभावना बढ़ जाएगी। इसके बाद तीन से चार दिन तक गोरखपुर और आसपास बादल छाए रहने, धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की उम्मीद है। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है।
इस बार पूर्वांचल में प्री मानसून बारिश 22 मई से ही शुरू हो गई थी। 28 मई को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस आ गया था। नौतपा के शुरुआती पांच दिन तापमान सामान्य से कम रहा। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के पूर्व दिशा में बढ़ने की वजह से अचानक मौसम बदल गया। जून के पहले सप्ताह में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। मंगलवार को तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस से भी अधिक है।
मौसम विज्ञानी मोहम्मद दानिश ने बताया कि बुधवार से पुरवा हवा चलने की उम्मीद है। ऐसा होने पर नमी बढ़ेगी। हवा चलने और बारिश से तापमान में गिरावट आएगी।