गोरखपुर। सहालग शुरू होते ही हाईवे पर रात में लंबा जाम लग रहा है। नौसड़ व बाघागाड़ा में फंसे लोगों को शहर में आने में दो से तीन घंटे समय लग रहा है। इससे निजात के लिए एसएसपी ने दोनों जगह पर थानेदारों की ड्यूटी लगाई है। शाम से लेकर देर रात तक गश्त के साथ ही सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को यह हटवाएंगे। ताकि बरातियों के अलावा राहगीरों को परेशान न होना पड़े।
हाईवे से सटे मैरिज हाॅल व लाॅन में शादी व तिलक समारोह होने से लोग अपने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर रहे हैं। नौसड़ व बाघागाड़ा के पास मालवाहक वाहन खड़ा होने से एक लेन पूरी तरह से बंद हो रहा है। इससे निजात पाने के लिए एसएसपी डाॅ. गौरव ग्रोवर ने रात के समय नौसड़ चौराहे पर जाम हटवाने की जिम्मेदारी गीडा थानेदार को दी है। बाघागाड़ा में फोरलेन ओवरब्रिज के चारों तरफ व हाईवे की एक लेन पर रात को चालक ट्रक खड़े कर देते हैं। आवागमन सामान्य रखने की जिम्मेदारी बेलीपार थानेदार को मिली है।