गोरखपुर। दिल्ली-मुंबई से दिवाली में गोरखपुर आने के लिए ट्रेनों में जगह मिलना मुश्किल है। वजह यह कि वैशाली, गोरखधाम, विहार संपर्क क्रांति, संपर्क क्रांति समेत सभी प्रमुख ट्रेनों में टिकट बुकिंग बंद हो चुकी है। वहीं मेगा ब्लॉक की वजह से जो ट्रेनें कैंसिल हुई हैं, उनके यात्रियों ने बाकी बची ट्रेनों में टिकट खरीद लिए हैं। अब अगर रेलवे कोई स्पेशल ट्रेन घोषित करती है तभी कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
इस बार पूर्वोत्तर रेलवे ने दशहरा से छठ के बीच 150 से अधिक ट्रेनों की घोषणा की थी। करीब 50 स्पेशल ट्रेनों को गोरखपुर के रास्ते चलना था। गोरखपुर से भी दिल्ली, मुंबई, अमृतसर, हैदराबाद, अजमेर आदि शहरों के लिए स्पेशल ट्रेन की घोषणा की गई थी। लोगों ने अधिसूचना जारी होते ही टिकट भी बुक करा लिए। अब अधिकांश स्पेशल ट्रेनें कैंसिल हो चुकी हैं। 28 तारीख से गोंडा-गोरखपुर के बीच ट्रेनों का आवागमन सामान्य होगा और 31 तारीख को दिवाली है। ऐसे में यात्रियों के पास केवल तीन दिन का ही समय बचा रहेगा। अभी पूर्वोत्तर रेलवे ने उन तीन दिनों के लिए कोई स्पेशल ट्रेन नहीं चलाई है। उम्मीद है कि रेलवे स्पेशल ट्रेन घोषित करेगा।
-
दिवाली के लिए शुरू हुई स्लीपर बसों में एडवांस बुकिंग
- शुरुआती किराया 2200 रुपये है, 25 तारीख तक 3500 रुपये होने का अनुमान
- दिल्ली से गोरखपुर के बीच 46 स्लीपर बसों में चल रही है बुकिंग
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। दशहरा से दिवाली के बीच ट्रेनों के कैंसिल होने का फायदा उठाने के लिए निजी बस ऑपरेटरों ने भी तैयारी कर ली है। दिल्ली, जयपुर, लुधियाना, आगरा आदि से गोरखपुर के बीच अधिक बसें चलाने के लिए निजी ऑपरेटरों ने ट्रैवेल एजेंसियों से संपर्क करना शुरू किया है। बताया जा रहा है कि 25 से 30 अक्तूबर के बीच सर्वाधिक बसें चलाने की तैयारी है। इसके अलावा पहले से चल रही 46 स्लीपर बसों में बुकिंग भी शुरू हो गई है। अभी दिल्ली से गोरखपुर का स्लीपर सीट का किराया 1800 से 2200 रुपये तक है जो दिवाली नजदीक आने पर 3500 रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर स्टेशन से हर दिन करीब एक लाख लोगों का आवागमन होता है। त्योहार में यह संख्या डेढ़ लाख तक पहुंच जाती है। गोरखपुर के अलावा महराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, बिहार के गोपालगंज और पश्चिमी चंपारण के अलावा पड़ोसी देश नेपाल के सीमावर्ती इलाके के लोग भी गोरखपुर से आगे की यात्रा करते हैं। ट्रेनों के कैंसिल होने के बाद अब जिन्हें त्योहार में घर आना है, उनके सामने निजी बसें ही सबसे बेहतर विकल्प हैं। गोरखपुर से दिल्ली के बीच बस संचालन कराने वाले मिराज अहमद ने बताया कि दिवाली से छठ तक पिछले साल जबरदस्त भीड़ आई थी। अंतिम दौर में बसें कम पड़ गई थीं। इस बार ट्रेनें कैंसिल हैं तो यात्रियों की संख्या और बढ़ेगी। इसे देखते हुए अतिरिक्त बसें भी लगाई जाएंगी।
-
निजी टैक्सी संचालकों को भी मिलने लगी है बुकिंग
गोरखपुर रेलवे स्टेशन से टैक्सी चलवाने वाले संजय सिंह ने बताया कि लखनऊ के लिए भाड़ा अभी से मिलना शुरू हो गया है। हमारी टैक्सी को 24 से 26 तारीख तक लखनऊ की चार बुकिंग मिली है। अगर गोरखपुर से लखनऊ की सवारी मिली तो यात्रियों को एक तरफ से ही भाड़ा देना होगा, अन्यथा दोनों तरफ का जोड़कर किराया लेंगे। टैक्सी चालक विजेंद्र चौहान ने बताया कि अयोध्या और लखनऊ से बुकिंग मिलेगी।