गुलरिहा थाना में तीनों युवकों पर केस दर्ज करके जांच कर रही पुलिस
गुलरिहा। शिवपुर सहबाजगंज स्थित बाल सुधार गृह में एक बाल अपचारी से मुलाकात के दौरान तीन युवकों को मोबाइल देते हुए वहां तैनात गार्ड ने पकड़ लिया। सुधार गृह के अधीक्षक की तहरीर पर गुलरिहा पुलिस ने तीन के खिलाफ सुरक्षा से खिलवाड़ करने के आरोप में केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के शिवपुर सहबाजगंज में राजकीय बाल सुधार गृह है। वहां बृहस्पतिवार को खोराबार क्षेत्र के विशुनपुर बुजुर्ग निवासी दीपक साहनी, रवि निषाद व विजय निषाद चौरीचौरा क्षेत्र के एक किशोर से मिलने आए थे। अधीक्षक का आरोप है कि तीनों ने सुरक्षा से खिलवाड़ करते हुए अवैध रूप से बाल सुधार गृह में प्रवेश किया और एक एंड्राइड मोबाइल किशोर को चुपके से दे दिया। ऐसा करते सुरक्षा गार्ड ने देख लिया और किशोर के हाथ से मोबाइल छीन कब्जे में ले लिया। इसके बाद तीनों युवकों को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।