प्लेटफाॅर्म नंबर नौ पर एक तो गेट नंबर चार के पास दो लोगों का मिला शव
गोरखपुर। चिलचिलाती धूप के बीच उमस भरी गर्मी का प्रकोप जारी है। बृहस्पतिवार दोपहर में रेलवे स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों में तीन लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद जीआरपी ने तीनों के शव को शिनाख्त के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। शिनाख्त नहीं होने पर 72 घंटे की समयावधि बीतने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
जीआरपी इंस्पेक्टर विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सुबह में प्लेटफाॅर्म नंबर नौ पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। वह घूमंतू था, आए दिन रेलवे स्टेशन पर इधर-उधर घूमता दिख जाता था। इसी तरह गेट नंबर चार के समीप बने फुटपाथ पर एक अन्य अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। उसकी जांच की गई तो उसके पास से कुछ नहीं मिला। अभी उसके शव को मोर्चरी के लिए भिजवा कर जीआरपी थाने पर पहुंचे ही थे कि सूचना मिली गेट चार के पास वाहनों के लिए एक युवक गिर गया है। जीआरपी पुलिस जब तक पहुंचती तब उसकी भी मौत हो चुकी थी। इसके बाद जीआरपी ने तीनों के शव को शिनाख्त के लिए पोस्टमार्टम में रखवा दिया। लोग चर्चा कर रहे थे कि सुबह से पड़ रही चिलचिलाती हुई तेज धूप व उमस भरी गर्मी के चलते इनकी मौत हुई है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद तीनों के मौत का कारण स्पष्ट होगा।