मिशन एडमिशन : सही जानकारी के अभाव में इधर-उधर भटक रहे छात्र-छात्राएं
शहर के सेडिका, एमजी और डीएवी पीजी कॉलेज में भी प्रमुख विषयों में सीटें उपलब्ध
गोरखपुर विश्वविद्यालय के लगभग 35 पाठ्यक्रमों में रिक्त हैं 1400 से अधिक सीटें
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और सभी संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अगस्त में ही एडमिशन कार्य पूरे हो जाने चाहिए थे लेकिन बड़ी संख्या में सीटें रिक्त रह जाने के कारण प्रवेश प्रक्रिया जारी है। उधर, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सही जानकारी के अभाव में इधर-उधर भटक रहे हैं। उचित जानकारी के अभाव में कई छात्र व अभिभावक अब निराश हो चुके हैं।
अंतिम समय में भी छात्रों व अभिभावकों को निराश होने की जरूरत नहीं है। डीडीयू से लेकर शहर के सभी कॉलेजों में विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटें रिक्त हैं। इनमें सेंट एंड्रयूज काॅलेज, महात्मा गांधी पीजी कॉलेज और डीएवी पीजी कॉलेज भी शामिल हैं। कॉलेजों में प्रवेश के लिए नए सिरे से भी आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं।
डीडीयू में 38 पाठ्यक्रमों में लगभग 1400 सीटें रिक्त रहने के कारण 30 सितंबर से स्पॉट काउंसिलिंग के जरिये प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की गई है। हालांकि इसमें वे अभ्यर्थी ही शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने प्रवेश परीक्षा दी हो। सेंट एंड्रयूज कॉलेज में परीक्षा के माध्यम से प्रवेश दिया जाता है लेकिन सीटें रिक्त रह जाने के कारण अब नए सिरे से आवेदन का मौका दिया गया है। बक्शीपुर स्थित एमजी पीजी कॉलेज और डीएवी पीजी कॉलेज में भी जिन विषयों में सीटें रिक्त हैं, उनके लिए आमंत्रित किए जा रहे हैं।
-
सेडिका में ज्यादातर पाठ्यक्रमों में सीटें रिक्त
सेंट एंड्रयूज कॉलेज के प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. अमित मसीह ने बताया कि यूजी में बीएससी मैथ में 29 व बीए में 276 सीटें रिक्त हैं। पीजी के एमएससी भौतिकी में 4, गणित में 25 सीटें रिक्त हैं। एमए अंग्रेजी, समाजशास्त्र, राजनीतिशास्त्र, हिंदी व भूगोल में भी बड़ी संख्या में सीटें रिक्त हैं।
-
डीएवी में यूजी-पीजी में उपलब्ध हैं सीटें
डीएवी पीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. शैल पांडेय ने बताया कि यूजी में बीसीए में 45, बीएससी मैथ व बायो ग्रुप में कुल 325, बीकाॅम में 158, बीए में लगभग 300 सीटें रिक्त हैं। पीजी में एमएससी बॉटनी में चार, एमए इतिहास व राजनीतिशास्त्र में 45-45 सीटें रिक्त हैं।
एमजी पीजी में भी बड़ी संख्या में रिक्त हैं सीटें
एमजी पीजी कॉलेज के पीआरओ डॉ. नितिन बख्शी ने बताया कि यूजी में बीएससी मैथ में 125, बीकॉम में 48 व बीएससी होम साइंस में 10 सीटें रिक्त हैं। एमएससी मैथ में 36, भौतिकी में 16 व रसायन विज्ञान में 12 सीटें रिक्त हैं।