गोरखपुर। महराजगंज जिले के व्यापारी ओम प्रकाश पटेल के साथ हुई चोरी की घटना में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को पत्नी विद्यावती देवी के साथ खरीदारी करने शहर आए ओम प्रकाश रोडवेज बस से उतरकर ई-रिक्शा में शाहमारुफ जा रहे थे। रास्ते में चोरों ने उनके बैग से 39 हजार रुपये निकाल लिए।
जानकारी के बाद ओम प्रकाश ने कोतवाली थाने में तहरीर दी थी। नखास चौकी प्रभारी विवेक चतुर्वेदी ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की। उनकी पहचान गोरखनाथ के जटेपुर उत्तरी निवासी अवधेश कुमार और उसके साथी देवा के रूप में हुई। गिरफ्त में आए आरोपियों के कब्जे से चोरी के रुपये और व्यापारी के दस्तावेज बरामद किए गए। आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
सीओ कोतवाली ओंकार दत्त ने बताया कि अवधेश कुमार पर पहले से पांच केस दर्ज हैं। व्यापारी ओम प्रकाश पटेल और उनकी पत्नी विद्यावती देवी शहर में श्रृंगार व रेडिमेड कपड़े की दुकान चलाते हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत थाने को दें।