गोरखपुर। गोरखनाथ के केशवपुरम काॅलोनी में बंद मकान का ताला तोड़कर चोर 12 लाख रुपये कीमत के गहने व 75 हजार रुपये नकदी उठा ले गए। मंगलवार की सुबह दरवाजे का ताला टूटा देख पड़ोसियों ने मकान मालिक को फोन कर घटना की जानकारी दी। गोरखनाथ थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मेडिकल काॅलेज रोड स्थित आदर्शपुरम काॅलोनी में रहने वाले नवीन शाही ने गोरखनाथ थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया के उनके बड़े भाई अजय शाही अपनी बेटी का बीटेक में एडमिशन कराने परिवार के साथ बेंगलुरु गए हैं। मंगलवार की सुबह पड़ोसियों ने दरवाजे पर लगा ताला टूटा देख फोन कर उन्हें चोरी हाेने की जानकारी दी। बड़े भाई के जानकारी देने पर वह पहुंचे तो कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर चोर 12 लाख रुपये कीमत के गहने व 75 हजार नकद उठा ले गए थे। सीओ गोरखनाथ योगेंद्र सिंह ने बताया कि सीसी कैमरे का फुटेज देखा जा रहा है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।