कैंपियरगंज। सोनौली फोरलेन पर मंगलवार की सुबह सात बजे महावनखोर चौराहे पर कार व ऑटो में टक्कर हो गई। इसमें ऑटो में सवार दंपती समेत सात लोगों को चोटें आई। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी कैंपियरगंज भेजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के महावनखोर चौराहे से 200 मीटर आगे सोकनी तिराहे पर गोरखपुर की तरफ से जा रही कार और पीपीगंज की तरफ आ रही ऑटो में टक्कर हो गई। इसमें ऑटो में बैठे महराजगंज के पिपरा तहसीलदार निवासी रामबेचन, गोलू, नौडिहवा फरेंदा निवासी अभिषेक, अनुराधा, मुड़ियारी बृजमनगंज निवासी लालमति, भरवलिया कुल्हुई निवासी गीता शर्मा, अर्जुन शर्मा घायल हो गए। घटना के बाद कार छोड़कर उसमें बैठे लोग और चालक फरार हो गए।
एसपी नार्थ जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कैंपियरगंज पुलिस ने कार व ऑटो को कब्जे में ले लिया है। सभी घायल ऑटो में सवार थे और महराजगंज के रहने वाले हैं। कार वाराणसी की है, उसके मालिक का पता किया जा रहा है।