बिजनेस प्लान के तहत शहर में 19 लाख से होंगे कार्य, बजट को मिली मंजूरी
गोरखपुर। शहर में कई जगह दो पोल के बीच में हाल ही में लगे नए तार लटकते देखे जा सकते हैं। इससे ऊंचे वाहनों के साथ खतरे की आशंका रहती है। इसे देखते हुए बिजली निगम की ओर से शहर में 45 नए पोल लगाए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए 19 लाख रुपये का बजट भी स्वीकृत हो गया है।
शहर के रेती रोड, बक्शीपुर, कुनराघाट आदि इलाकों में पुराने नंगे तार की जगह जब नए केबल लगाए गए तो कई जगहों पर दो खंभों के बीच की दूरी ज्यादा होने के कारण लटक गए। इसके कारण कई जगहों पर बांस-बल्लियां भी लगाई गईं। अब व्यवस्था सुदृढ़ करने की कवायद शुरू हुई है। इसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों के साथ खोराबार 33 केवी लाइन के लांग स्पेन के बीच 11 और 13 मीटर ऊंचे पोल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही लहसड़ी और बरबसपुर में बांस बल्ली के स्थान पर पोल लगाए जाएंगे। शाहपुर क्षेत्र में कई जगहों पर लटकते तारों की समस्या से निजात दिलाने के लिए नए पोल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही बंच कंडक्टर भी लगाए जाएंगे, जिससे उपभोक्ताओं को फॉल्ट से निजात मिलेगी।
अधीक्षण अभियंता शहरी लोकेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि 19 लाख बजट को मंजूरी मिल गई है। जल्द ही 45 नए पोल लगाए जाएंगे, जिससे लटकते तारों से निजात मिलेगी।