भटहट। गुलरिहा थाना भटहट चौकी क्षेत्र के बरगदही तुर्रा नाला के पास रविवार को पति को प्रेमिका संग देख पत्नी भड़क गई। इसके बाद दोनों महिलाओं में मारपीट शुरू हो गई। सड़क पर काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला। राहगीरों के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ। इसके बाद पति पत्नी के साथ घर गया।
गुलरिहा थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला का पति अपनी प्रेमिका के साथ पिपराइच चला गया था। पत्नी को इस बात की जानकारी हुई तो वह खोजते हुए पिपराइच जा रही थी। रास्ते में अभी वह बरगदही कछरहवा टोला के पास पहुंची थी कि उसका पति, प्रेमिका के साथ आते दिख गया। इस पर पत्नी आग बबूला हो गई। मामला गाली-गलौज से शुरू हुआ तो दोनों महिलाएं बाल पकड़कर सड़क पर मारपीट करने लगीं। महिलाओं के मारपीट को देख राहगीर रुक कर तमाशा देखने लगे।
इधर, प्रेमिका का आरोप है कि करीब 14 वर्षों से प्रेमी के साथ उसका संबंध है। उसके पति की मौत हो चुकी है। उसके तीन बच्चे हैं। वह चाहती है कि प्रेमी के साथ रहे। वहीं, महिला का आरोप है कि प्रेमिका उसके पति को अपने जाल में फंसा कर झूठा आरोप लगा रही है। काफी देर तक यह ड्रामा चलता रहा। राहगीरों के बाद मामला शांत हुआ। प्रेमिका भी इसी थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है।