चार वर्षीय मासूम की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पर्दाफाश हुआ है कि बच्चे की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई। आरोपी सौतेले पिता ने गुस्से में आकर बच्चे को दो बार जमीन पर पटक दिया था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के मुताबिक, बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पाल टोला ननदापुर व वर्तमान में खलीलाबाद निवासी जानकी ने पति रामकेश पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर में बताया कि 29 सितंबर की शाम करीब सात बजे उसका पति तीन हजार रुपये मांग रहा था।
रुपये न होने पर जब जानकी ने मना किया, तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। इसी दौरान उसका चार वर्षीय बेटा आदर्श खेलते हुए कमरे में आ गया। आरोपी रामकेश ने गुस्से में बच्चे को पकड़कर दो बार जमीन पर पटक दिया, जिससे उसके मुंह और सिर से खून निकलने लगा।
शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और घायल बच्चे को अस्पताल ले गए। आदर्श को पहले निजी अस्पताल में दो दिन इलाज कराया गया, लेकिन रुपये की कमी के कारण बाद में शनिवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बच्चे की हालत बिगड़ती गई और सोमवार दोपहर उसकी मौत हो गई।
मां जानकी अपने परिजनों के साथ मेडिकल चौकी पहुंची, जहां पंचनामा की कार्यवाही पूरी होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में सिर की गंभीर चोट से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।