थाना क्षेत्र के नुआंव गांव के पास रामजानकी मार्ग पर सोमवार की रात तेज रफ्तार ट्रेलर की ठोकर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें सीएचसी गोला पहुंचाया। जहां रास्ते में ही एक युवक की मौत हो गई तो दूसरे युवक का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात आठ बजे एक ट्रेलर तेज रफ्तार से बड़हलगंज की तरफ जा रही थी। अभी वह नुआंव गांव के पास पहुंची ही थी कि दो अलग अलग बाइक पर सवार गोला थाना क्षेत्र के शिवपुर निवासी भरत पासवान व बड़हलगंज के मऊआ निवासी रामनगीना यादव ट्रेलर चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिन्हें ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही भारत पासवान की मौत हो गई। दूसरे युवक का इलाज चल रहा है। मृतक सात भाइयों में तीसरे नंबर का था। अभी दो साल पहले ही शादी हुई थी, एक बेटा भी है। वहीं पत्नी पूजा व परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।