तीन ट्रांसफाॅर्मरों की टूटी बुशिंग, बनाने में लगा दो घंटे से अधिक समय
फॉल्ट ठीक करने के बाद हुई बिजली बहाल
गोरखपुर। बृहस्पतिवार को हुई ओलावृष्टी ने उपभोक्ताओं के साथ ही बिजली कर्मियों की मुश्किलें बढ़ा दी। इस दौरान 100 से ज्यादा घरों का तार टूट कर गिर गया जिससे बिजली गुल हो गई। साथ ही शहर में तीन ट्रांसफार्मर भी बंद हो गए, जिससे बड़ी संख्या में उपभोक्ता परेशान हुए। एक ट्रांसफार्मर को ठीक करने में लगभग दो घंटे से ज्यादा समय लगा।
बृहस्पतिवार को सुबह बारिश शुरू होते ही कई क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। शहरी क्षेत्र में लगभग 100 से ज्यादा उपभोक्ताओं ने तार टूटने को लेकर शिकायत की जिसे बिजली कर्मियों ने जाकर जोड़ा। गोलघर की सड़कों पर बिजली कर्मचारी सीढ़ी लेकर दौड़ते नजर आए। बुद्ध विहार में सुबह 9:30 बजे के करीब बारिश में ट्रांसफार्मर की बुशिंग टूट गई। इससे करीब 90 उपभोक्ताओं के घर की बिजली गुल हो गई। दोपहर दो बजे के आसपास इसे ठीक कर दिया गया। वहीं, तारामंडल क्षेत्र के सर्किट हाउस के पास सुबह नौ बजे ट्रांसफार्मर खराब हो गया जिससे 300 घरों की बत्ती गुल हो गई। सूचना पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने सुबह 11 बजे इसे ठीक कर आपूर्ति बहाल की। दिव्यनगर में सुबह 11 बजे ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इसे दोपहर एक बजे तक ठीक किया गया। शास्त्री चौक के एक्सईएन आशीष चौहान ने बताया कि ओलावृष्टी की वजह से घर व प्रतिष्ठान के तार टूटने की लगभग 70 शिकायतें आईं जिसे ठीक करवाया गया। मोहद्दीपुर के एक्सईएन लवलेश कुमार के अनुसार बारिश से मोहद्दीपुर उपकेंद्र क्षेत्र से लगभग 30 से 40 शिकायतें तार टूटने की आईं।
वर्जन..
बारिश व ओला पड़ने से तार टूटने व ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायतें मिलीं जिसे सही कराकर आपूर्ति बहाल कर दी गई। शाम में ड्यूटी वाले कर्मचारियों को भी इमरजेंसी में सुबह बुला लिया गया था जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं हुई।
- इं. लोकेंद्र बहादुर सिंह, अधीक्षण अभियंता शहरी