खजनी इलाके का मामला, पकड़े गए आरोपियों में दो बाल अपचारी
उनवल। खजनी पुलिस ने कोचिंग जाते वक्त छात्राओं से छेड़खानी करने वाले तीन आरोपी शोहदों को शनिवार बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में दो बाल अपचारी हैं, एक की पहचान राहुल उर्फ गोलू के रूप में हुई। एक छात्रा ने शोहदों के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
खजनी इलाके की इंटरमीडिएट की छात्रा ने पुलिस ने बताया था कि कोचिंग आते-जाते वक्त बाइक सवार तीन शोहदे आए दिन छेड़खानी करते हैं। विरोध पर अश्लील इशारे व भद्दे कमेंट भी करते हैं। यहां तक की मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। इसकी शिकायत उनके परिजनों से भी की गई थी, लेकिन शोहदे नहीं माने। इससे तंग आकर उसने बृहस्पतिवार को थाने पहुंचकर इसकी शिकायत की। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर शनिवार को कटघर निवासी राहुल उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ के बाद मिली जानकारी पर दो अन्य बाल अपचारी साथी को भी पकड़ लिया गया। बाल अपचारियों को बाल संप्रेक्षण गृह पुलिस ने भिजवा दिया है।