- शादी का झांसा देकर तीन साल से शारीरिक शोषण करने का आरोप
- हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
सरदारनगर। चौरीचौरा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने सोमवार की देर रात प्रेमी के घर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। युवती शादी की जिद पर अड़ी थी। आरोप है कि प्रेमी ने शादी का झांसा देकर तीन साल से यौन शोषण करता रहा। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
युवती का कहना था कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने तीन साल पहले उसे प्रेमजाल में फांस लिया। फिर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने लगा। शादी का दबाव बनाने पर टालमटोल करने लगा था। इससे क्षुब्ध होकर सोमवार की रात युवती उसके घर पहुंच कर शादी करने की जिद पर अड़ गई। युवती को हंगामा करता देख आस पास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को समझाबुझा कर घर भेज दिया। साथ ही युवक को हिरासत में लेकर थाने लेकर आ गई।
इधर मंगलवार सुबह परिजनों संग थाने पहुंची युवती ने प्रेमी युवक के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।