फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: अहिल्याबाई होल्कर के नाम होगा शहर का पहला वर्किंग वूमेन हॉस्टल

विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी बोले-समाज की जरूरत के अनुरूप संसाधन व सुविधाएं जुटाना सरकार का दायित्व
विज्ञापन

कल्याण मंडपम की पहल करने वाला प्रदेश का पहला नगर निगम है गोरखपुर
गोरखपुर। सूरजकुंड में कल्याण मंडपम के लोकार्पण के बाद सीएम योगी ने घोषणा की कि नगर निगम की ओर से बनाया जाने वाला 75 बेड का वर्किंग वूमेन हॉस्टल महिला सशक्तिकरण की प्रतिमान और धर्म-संस्कृति के प्रति समर्पित रहीं लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर होगा। कामकाजी महिलाओं के लिए बनने वाले छात्रावास का यह नामकरण लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर उनकी स्मृतियों को जीवंत कर सदैव प्रेरित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने मालवा साम्राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही अहिल्याबाई होल्कर ने महिलाओं, किसानों, शिल्पकारों समेत समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए अनुकरणीय कार्य किए। वह महान शिवभक्त थीं और काशी विश्वनाथ मंदिर, पुरी मंदिर, गयाजी मंदिर, महाकाल मंदिर, ओंकारेश्वर मंदिर, सोमनाथ मंदिर के पुनरोद्धार का कार्य कर धर्म और संस्कृति की भी रक्षा की।
विज्ञापन

उन्होंने कहा किसी भी सभ्य समाज के लिए उसकी जरूरत के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं और संसाधन जुटाना लोकप्रिय सरकार का दायित्व होना चाहिए। सुविधाओं और संसाधनों की व्यवस्था होना समस्या समाधान का भी मंच बनता है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि आज के समय में समाज के अलग-अलग तबके के लिए उनकी आय के अनुरूप बेहतरीन सुविधाएं और व्यवस्थाएं देकर उनका जीवन आसान बना सकें।
4.52 करोड़ रुपये की लागत से 35500 वर्गफीट क्षेत्र में बने कल्याण मंडपम के बारे में चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि गोरखपुर नगर निगम प्रदेश का पहला नगर निगम है, जिसने निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों के मांगलिक कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कल्याण मंडपम बनाने की पहल की। 11 से 25 हजार रुपये में यदि मांगलिक कार्य के लिए कल्याण मंडपम जैसा स्थल मिल जाए तो समारोह काफी आसानी, अच्छे और सस्ते में हो सकता है।
सांसद रवि किशन की चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि इनके पास पैसा है तो वह 15 लाख तक खर्च कर सकते हैं। इसके अलावा नगर निगम की तरफ से पांच और कल्याण मंडपम निर्माणाधीन हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने विधायक निधि का पूरा पैसा कल्याण मंडपम के लिए दे दिया है। कहा कि गोरखपुर नगर निगम जैसी संस्थाएं अन्य निकायों के लिए मानक बन सकती हैं।
मंचीय कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर और फीता काटकर कल्याण मंडपम का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने मंडपम का भ्रमण कर यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं की जानकारी ली। मंच पर उन्होंने नगर निगम के विभिन्न विभागों के दस कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया।
समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में नगर निगम गोरखपुर को उत्कृष्ट शहर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री की प्रेरणा से स्वच्छता बढ़ाने और वायु-जल के प्रदूषण को न्यूनतम करने में सतत सफलता मिल रही है। कार्यक्रम में गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभूतपूर्व विकास कार्यों से गोरखपुर को एक नई पहचान दी है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, नगर निगम के उप सभापति धर्मदेव चौहान, पूर्व मेयर अंजू चौधरी, डॉ. सत्या पांडेय, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, स्थानीय पार्षद आरती सिंह, महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष राजेश गुप्ता, पुष्पदंत जैन आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
गोड़धोइया भी कभी नदी हुआ करती थी
सीएम योगी ने कहा कि गोड़धोइया नाला भी कभी नदी थी। नदी से नाला बना और उस पर भी कब्जे की स्थिति बन गई। इसके किनारे कॉलोनियां बस गईं। आज गोड़धोइया को पुनर्जीवित किया जा रहा है। इससे शहर में जलभराव की समस्या खत्म हो जाएगी। बरसात में अब शहर दो भाग में नहीं बंटेगा। गोड़धोइया नाले का सारा पानी रामगढ़ताल में गिरेगा। वहीं, गोड़धोइया के दोनों तरफ सड़क बनेगी। यह पर्यटन का नया स्थल बनेगा, जिससे रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों के दोनों तरफ पौधे लगाकर हम प्रकृति और पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर सकते हैं।

सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को चुकानी होगी कीमत
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्मार्ट सिटी का जो विजन दिया है, उसे सेफ सिटी में भी बदलना है। हमें ऐसा शहर बनाना है, जहां बेटी, व्यापारी, बच्चे, संभ्रांत समेत समाज का हर व्यक्ति खुद को सुरक्षित महसूस कर सके। इसके लिए पुख्ता व्यवस्था करनी होगी, ताकि सुरक्षा में सेंध लगाने की हिम्मत करने वाले जान लें कि उन्हें इसकी क्या कीमत चुकानी पड़ेगी। सेफ सिटी की अवधारणा को साकार करने के लिए सीएम योगी ने आह्वान किया कि हर व्यक्ति अपने घर के बाहर कैमरे लगवाए, इससे प्रौद्योगिकी सुरक्षा का बड़ा माध्यम बनेगी। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क कनेक्टिविटी, खाद कारखाना, एम्स, रामगढ़ताल के सौंदर्यीकरण सहित विकास के अनेक आयामों की चर्चा की। कहा कि आज गोरखपुर चारों तरफ से फोरलेन सड़कों से कनेक्टेड है। पहले यहां कोई रिंग रोड नहीं था। आज शहर के अंदर और बाहर फोरलेन रिंग रोड की कनेक्टिविटी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को विकास प्रक्रिया में संवेदनशील और सतर्क रहना होगा।

जागरूकता के लिए हर वार्ड में बनाएं मोहल्ला समिति
मुख्यमंत्री ने नागरिकों को स्वच्छता और और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी अच्छी व्यवस्था के लिए पहल करनी पड़ती है और यह सामूहिक जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी स्वच्छता को प्राथमिकता देते हैं। यह हम सबका भी दायित्व होना चाहिए। इस अवसर पर सीएम ने पार्षदों से अपील की कि वे अपने वार्डों में मोहल्ला समितियां गठित कराएं। सफाई की निगरानी इस समिति के जिम्मे हो और साथ ही समितियों को पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ा जाए।
विज्ञापन


सांसद बोले-मरने के बाद केवल लकड़ी साथ जाती है, सुनकर हंस पड़े सभी
कल्याण मंडपम के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आशीर्वाद से आज गोरखपुर विकास के साथ जनकल्याण के क्षेत्र में नजीर पेश कर रहा है और कल्याण मंडपम उसी का प्रमाण है। सीएम के शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास, रोजगार, जन कल्याण के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश को पूरे देश में अग्रणी बना दिया है। सांसद ने जब यह कहा कि मृत्यु में एक चीज आपके साथ जाती है, वो है लकड़ी। लकड़ी जलेगी तभी आप जलेंगे। इसीलिए पेड़ जरूर लगाएं। यह सुनकर सीएम समेत सभी हंस पड़े। सांसद ने कहा कि अब कोई गोरखपुर से बाहर नहीं जाना चाहता। रामगढ़ताल किनारे रिंग रोड बन जाने से बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिल जाएगा। जहां पहले क्राइम होता था, वहां अब रोजगार मिल रहा है। गोरखपुर के बच्चों ने पलायन करना बंद कर दिया है। कल्याण मंडपम में सेंट्रली एसी में गरीब अपनी बेटी की शादी कर सकेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें