शाहपुर थाने में पत्नी ने दर्ज कराया हत्या का केस, पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
गोरखपुर। शाहपुर के आवास विकास काॅलोनी में मंजू देवी (65) की हत्या के आरोपी बेटे दुर्गेश दुबे की तलाश में पुलिस ने झंगहा क्षेत्र के मीठाबेल और अन्य गांवों में दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि घटना को अंजाम देने के बाद वह गांव की तरफ जाते देखा गया था। इसके बाद पुलिस झंगहा इलाके के कुछ घरों में दबिश देकर पूछताछ की। फिलहाल अभी तक आरोपी की लोकेशन नहीं मिली है।
बताया जा रहा है कि दुर्गेश नशे का आदि है। झंगहा क्षेत्र के कुछ प्राॅपर्टी डीलर दुर्गेश की मदद करते हैं। उसे रुपये भी देते रहते हैं। मीठाबेर में दुर्गेश के नाम से खेत और शाहपुर में आवास विकास काॅलोनी में घर है। इस पर प्राॅपर्टी डीलर की नजर है। पुलिस ने प्राॅपर्टी डीलर से भी पूछताछ की है।
इस संबंध में सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम लगी है। बहुत जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-
पत्नी ने लगाया है गंभीर आरोप
दुर्गेश की पत्नी रोशनी ने शाहपुर थाने में बुधवार को तहरीर देकर बताया कि 18 को पति का फोन आया था। वह बहुत घबराए हुए थे। बार-बार कह रहे थे कि गलती हो गई, वापस आ जाओ। मेरे सवाल करने पर मोबाइल बंद कर दिया। इसके बाद शाहपुर से पड़ोसियों का कॉल आया कि दुर्गेश मां मंजू देवी की हत्या कर घर में ताला बंद करके भाग गया है। इसके बाद वह घर वापस आई। रोशनी ने बताया कि पति हमेशा मुझे मारता-पीटता रहता है, उसने मां की भी जान ले ली। उसकी वजह से ही मायके संतकबीरनगर के मेंहदावल में रह रही हूं।