मृत शरीर के पास पुस्तक पढ़ता तथाकथित तांत्रिक युवक
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सरदार नगर (गोरखपुर)। चौरीचौरा में शनिवार को एक व्यक्ति की बीमारी से मौत होने के बाद उसके घर कथित तांत्रिक दो महिलाएं और एक पुरुष पहुंचा। उन्होंने मृत व्यक्ति को जिंदा करने का दावा किया। दो घंटे तक शव के पास एक धार्मिक पुस्तक पढ़ते रहे, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। तभी किसी ने पुलिस बुला दी। पुलिस तीनों को पकड़कर थाने ले गई, पूछताछ के बाद शांति भंग में चालान कर छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, चौरी चौरा के छोटकी बरही भरटोलिया निवासी लोरिक (48) पुत्र बीरा कई माह से बीमार चल रहा था। शनिवार को उसकी मौत हो गई। जिसके बाद परिजन व गांव के लोग अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। इसी दौरान किसी की सूचना पर दूसरे धर्म की दो महिलाएं व एक पुरुष यहां पहुंच गया। तीनों ने लोरिक को जिंदा करने का दावा किया। इसके बाद यह सूचना क्षेत्र में तेजी से फैल गई।
आस-पास के गांव के लोग भी वहां पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि इन तांत्रिकों ने सबसे पहले शव की दिशा बदलकर उसे पूरब-पश्चिम किया। इसके बाद एक धार्मिक पुस्तक हाथ में लेकर पढ़ने लगे, इधर-उधर काफी देर तक चक्कर भी लगाया। इसी बीच पुलिस पहुंचकर तीनों को पकड़कर थाने ले गई। गांव में इस बात की भी चर्चा हो रही है कि आखिर तीनों लोरिक के घर ही क्यों पहुंचे, वे उसको पहले से जानते थे तो अंजान क्यों बने।
एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह इस तरह की सूचना मिली थी। पुलिस ने दो महिला और एक पुरुष को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। इसके बाद उनका शांति भंग में चालान कर दिया गया।