गोरखनाथ इलाके के तिलिया कुंआ विकासनगर में शुक्रवार की देर रात एक महिला ने अपने पति की तार से गला कसकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। महिला का अपने पति से घर को लेकर विवाद चल रहा था। उसे पता चला था कि पति मकान को बेचने की तैयारी कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, तिलिया कुंआ विकासनगर निवासी अशोक निषाद (40) का उसकी पत्नी रिंकी देवी से विवाद चल रहा था। वह पिछले सात महीने से अलग रह रही थी। तीन बच्चों की मां रिंकी को पता चला कि उसका पति घर बेच रहा है। इसकी जानकारी होने पर शुक्रवार की रात वह घर गई और रात में ही करीब दो बजे विवाद के बाद उसने पति अशोक की तार से गला कसकर हत्या कर दी।
सूचना पर पहुंची गोरखनाथ पुलिस ने अशोक के भाई खूबलाल की तहरीर पर केस दर्ज कर रिंकी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
20 साल पहले हुई थी शादी, कलह से हो गई दूरी
रिंकी की 20 साल पहले अशोक से शादी हुई थी। पति से विवाद के चलते वह पिछले सात महीने से अलग रहती थी। उसके तीन बच्चे हैं। इसमें एक बेटी की शादी भी हो गई है। बताया जा रहा है कि परिवारिक कलह की वजह से ही पति-पत्नी में दूरी हो गई थी। रिंकी को लग रहा था कि पति अगर अपने हिस्से का घर बेच देगा तो उसके बच्चे बेसहारा हो जाएंगे।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि पत्नी ने तार से गला कसकर पति की हत्या की है। उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, उसने बताया कि पति घर बेच रहा था इसलिए विवाद हुआ और ये घटना हो गई। उसे कोर्ट में पेशकर जेल भिजवा दिया गया।