चकबंदी के बाद सर्वे रिपोर्ट नहीं आने से खतौनी अपडेट नहीं, लोग परेशान
गोरखपुर। सदर तहसील में चकबंदी के बाद तालनवर गांव की सर्वे रिपोर्ट अभी तक ऑनलाइन नहीं हो सकी है। राजस्व विभाग की वेबसाइट इसके लिए खोले नहीं जाने से लोगों को खतौनी नहीं मिल पा रही है। इसके अलावा पांच अन्य गांवों में सर्वे का काम चल रहा है। रिपोर्ट नहीं आने के चलते अभी यहां के लोगों को रियल टाइम खतौनी के लिए इंतजार करना पड़ेगा।
हालांकि, खुटहन गांव के लोगों को जल्द खतौनी मिलने की उम्मीद है। यहां की सर्वे रिपोर्ट आ गई है। अब सर्वे रिपोर्ट के आधार पर खतौनी को ऑनलाइन अपडेट किया जाएगा। इसके बाद यहां के लोगों को ऑनलाइन खतौनी उपलब्ध हो जाएगी।
दरअसल, सदर तहसील में 17 गांवों की चकबंदी कराकर सर्व रिपोर्ट के आधार पर खतौनी को ऑनलाइन अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इनमें 11 गांवों की खतौनी अब रियल टाइम हो गई है, जबकि पांच गांवों आभूराम, सुग्माटारी एहतमाली, अहिरौली, भौरामल, मीरपुर तप्पा गौरा में सर्वे का काम पूरा नहीं हो सका है।
तालनवर गांव के रामशीष ने बताया कि बंटवारे के बाद हमारा हिस्सा खतौनी में चढ़ा नहीं है। तहसील में बताया गया कि रिपोर्ट तैयार है, ऑनलाइन होते ही खतौनी मिलने लगेगी।
उधर, जिन गांवों की चकबंदी के बाद खतौनी रियल टाइम हो गई है, वे नकल लेने के लिए तहसील में आते रहे। लालपुर टीकर के श्यामलाल ने बताया कि अपडेट खतौनी ली है, जिसमें हमारा नाम चढ़ गया है। इसके लिए हम लोग बहुत दिनों से परेशान थे। सदर तहसीलदार जेएन सिंह के मुताबिक, चकबंदी वाले गांवों का विवरण तेजी से अपडेट कराया जा रहा है। ज्यादातर गांवों की खतौनी मिलने लगी है।