जनता दर्शन: सीएम ने सुनीं समस्याएं, निस्तारण के लिए अफसरों को दिए निर्देश
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का निस्तारण उनकी सरकार की विशेष प्राथमिकता है, इसलिए पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए उनका समाधान त्वरित और संतुष्टिपरक तरीके से कराना सुनिश्चित कराएं। जमीन के विवादों का समाधान तत्परतापूर्वक होना चाहिए जिससे पीड़ित व्यक्ति संतुष्ट दिखे।
सीएम योगी ने बृहस्पतिवार सुबह गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरु पूर्णिमा पर्व पर आनुष्ठानिक कार्यक्रम की व्यस्तता के बावजूद जनता दर्शन में 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। सबको आश्वस्त किया कि किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है, सबकी समस्या का समाधान हर हाल में किया जाएगा।
जनता दर्शन में कुछ महिलाएं जमीन से जुड़े विवादों में प्रार्थना पत्र लेकर पहुंची थीं। कुछ की शिकायत थी कि उनकी जमीनों पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। इन शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रार्थना पत्रों को उन्होंने अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि हर समस्या का निस्तारण त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिप्रद होना चाहिए।
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को सीएम योगी ने आश्वस्त किया कि पैसे की तंगी से किसी का भी इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि संबंधित मरीज के इलाज संबंधी एस्टीमेट की प्रक्रिया को पूर्ण कर इसे जल्द से जल्द शासन को उपलब्ध कराया जाए। एस्टीमेट मिलते ही इलाज के लिए धन अवमुक्त हो जाएगा। जनता दर्शन के दौरान कुछ महिलाओं संग पहुंचे उनके बच्चों को मुख्यमंत्री ने प्यार-दुलार और आशीर्वाद देते हुए चॉकलेट दिया।