तैराकी के प्रशिक्षण के लिए कराना होगा पंजीकरण
गोरखपुर। रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहली अप्रैल से तरणताल का संचालन शुरू हो जाएगा। चार बैच में यहां प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां तैराकी का प्रशिक्षण लेने के लिए इच्छुक बालक-बालिकाओं एवं महिला-पुरुष को पंजीकरण कराना होगा।
प्रशिक्षण के लिए आठ से 18 वर्ष तक के बालक-बालिकाओं का मासिक शुल्क 200 रुपये और 18 से ऊपर आयु के महिला-पुरुष को 500 रुपये देना होगा। पंजीकरण शुल्क 10 रुपये और प्रोत्साहन समिति के लिए केवल एक बार 100 रुपये शुल्क देना होगा। आरएसओ (क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी) आले हैदर ने बताया कि पंजीकृत प्रथम बैच के बालक-पुरुष का प्रशिक्षण सुबह छह से सात बजे तक व द्वितीय बैच सात से आठ बजे तक और बालिका व महिलाओं के आठ से नौ बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। शाम चार से पांच बजे तक बालिका-महिलाओं का प्रथम बैच व पांच से छह बजे तक बालक-पुरुष के द्वितीय बैच के लिए निर्धारित किया गया है। पंजीकरण के लिए अभ्यर्थी को दो पासपोर्ट साइज फोटो व जन्मतिथि प्रमाणपत्र की छाया प्रति लाना अनिवार्य होगा।
आरएसओ ने कहा कि एक बैच के लोग एक घंटे तैराकी कर सकेंगे। अगर महिलाएं तैराकी के लिए आएंगी तो उनके अलग से बैच बनाकर तैराकी कराई जाएगी। सिर्फ पंजीकरण कार्ड वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।