मौजा महेवा, बड़गो और लहसड़ी में जीडीए की टीम ने की कार्रवाई
गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की टीम ने उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन के निर्देश पर मंगलवार को डूब क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। टीम ने मौजा महेवा, बड़गो और लहसड़ी में अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया।
यह अभियान प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें सहायक अभियंता राज बहादुर सिंह, अनिल कुमार, अवर अभियंता मनीष त्रिपाठी, रोहित पाठक, शोभित कुमार कन्नौजिया, राकेश कुमार समेत प्रवर्तन स्टाफ, जिला प्रशासन द्वारा नामित मजिस्ट्रेट, क्षेत्रीय पुलिस बल और पीएसी के जवान शामिल रहे।
प्रभारी मुख्य अभियंता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान थाना रामगढ़ताल क्षेत्र के मौजा महेवा में विजय दुबे द्वारा 2500 वर्ग मीटर भूमि पर किए गए अवैध विकास कार्य को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा मौजा बड़गो में सीताराम यादव उर्फ छब्बर यादव द्वारा एक एकड़ भूमि पर और मौजा लहसड़ी में नरेंद्र पांडेय द्वारा एक एकड़ भूमि पर बिना तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए किए गए निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।