रामगढ़ताल में बोटिंग का मजा लेने गए लोग हादसा देख सहम गए थे
लोगों ने बताया कि एक बोट का चालक था नशे में, दिखा रहा था नाव से करतब
गोरखपुर। रामगढ़ताल में सड़क ही नहीं पानी में भी करतब दिखाने से लोग बाज नहीं आ रहे। पता चला है कि प्लेटफाॅर्म नंबर पांच के बोट का चालक शिवम अक्सर नशे की हालत में बोट चलाता है। वह पानी में नाव को उछालकर करतब भी दिखाता है। इसके कई वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर चर्चा में आ चुके हैं। प्लेटफाॅर्म नंबर छह के संचालक अंशुमान के पिता शिवकुमार ने एक सप्ताह पहले उसकी शिकायत जीडीए के अधिकारियों और चौकी प्रभारी से भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मंगलवार की शाम रामगढ़ताल में दो बोट आपस में टकरा गई थीं। चर्चा है कि प्लेटफाॅर्म नंबर छह से चली बोट अभी कुछ ही दूर आगे बढ़ी थी कि प्लेटफार्म नंबर पांच पर लौट रही बोट से टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोट नंबर पांच का चालक स्टंट दिखा रहा था। इसी दौरान सामने आई बोट को देखकर वह नियंत्रण खो बैठा। बोट नंबर छह के संचालक अंशुमान के पिता शिवकुमार ने बताया कि ऐसा पहले भी होता रहा है। तीन दिन पहले भी दो बोट आपस में टकराई थीं। तब टक्कर हल्की होने की वजह से कोई घायल नहीं हुआ था। वहीं मंगलवार को हुई टक्कर में बोट नंबर छह से चली बोट फट गई थी।
शिवकुमार का कहना है कि उन्होंने अधिकारियों के सामने बोट की स्टंटबाजी के वीडियो भी साक्ष्य के तौर पर दिए थे। इसमें शिवम ताल में हाईस्पीड में स्टंट करते हुए दिखाई दे रहा है। अब हादसे के बाद लोग सामने आने लगे हैं। पुलिस ने दोनों बोट को किनारे कर उसकी वीडियो-फोटोग्राफी भी कराई है।
पानी में गिरे तो लगा कि परिवार ही खत्म हो गया
हादसे में घायल रामअशीष का कहना है कि जब वह बोट से गिरे तो ताल के पानी में डूबने लगे। एक पल में लगा कि उनका पूरा परिवार ही खत्म हो गया। वह स्वयं निकलने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पैर में गंभीर चोट की वजह से डूबने लगे। आंखों के आगे अंधेरा छाने लगा था, दम घुट रहा था कि तभी बोट चालक अंशुमान ओझा ने उन्हें खींचकर बाहर निकाला। बाहर आए तो सांस वापस लौटी, इसके बाद बेटे व पत्नी को सामने जीवित देखकर आंखें छलक उठीं। मुंह से शब्द नहीं निकल रहे थे। बेटा खून से लथपथ था, उसे सिर में चोट लगी है।
ताल में गिर गया सोने की चेन व मोबाइल
रामअशीष का कहना है कि हादसे में जब वह ताल में गिरे तो उसी दौरान उनके गले से चेन व मोबाइल भी पानी में गिर गया। सोने की चेन उन्हें शादी में ससुराल से उपहार में मिला था। काफी देर बाद मोबाइल व चेन गायब होने की याद आई।