गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 13 से 15 दिसंबर के बीच फिक्स्ड-विंग ड्रोन वर्कशॉप और प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। रविवार को खेल ग्राउंड पर छात्रों ने ड्रोन बनाने की कला का प्रदर्शन किया।
आयोजन में एमएमएमयूटी और दीन दयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय की 70 टीमें शामिल हुई। प्रत्येक टीम में पांच सदस्य शामिल थे। इसमें कुल 350 छात्रों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता में छात्रों को अपनी टीम के साथ बेहद किफायती और आसानी से बनने वाले फिक्स्ड-विंग ड्रोन तैयार करने का अवसर दिया गया। इससे छात्रों को न केवल अपनी तकनीकी कौशल दिखाने का मौका मिला, बल्कि व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हुआ। छात्रों के आयोजन में शामिल होने पहुंचे एमएमएमयूटी के कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने कहा कि यह आयोजन छात्रों में तकनीकी दक्षता को बढ़ावा देने और उनके नवाचार कौशल को निखारने के उद्देश्य से किया जा रहा है। विश्वविद्यालय इसे छात्रों के लिए सीखने और नवाचार का अद्भुत मंच मानता है।
-
आज ड्रोन की क्षमता का होगा प्रदर्शन
छात्रों द्वारा तैयार ड्रोन का सोमवार को प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर आने वाली टीम को 10 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर पांच हजार रुपये और तीसरे स्थान पर तीन हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। पूरे कार्यक्रम का आयोजन एमएमएमयूटी परिसर में किया जाएगा।