लोगों के समझाने पर खुद निकली बाहर, पुलिस ने परिजनों को बुलाकर छात्रा को सौंपा
बक्सर की रहने वाली है छात्रा, किसी बात पर नाराज होकर निकल गई थी घर से
गोरखपुर। राजघाट इलाके में राप्ती नदी किनारे शुक्रवार को तब हड़कंप मच गया जब सुबह बिहार से आई 23 वर्षीय बीकॉम की छात्रा खुदकुशी करने के इरादे से नदी में उतर गई। वह नदी के बीच जाकर गर्दन तक पानी में खड़ी रही। करीब आधे घंटे तक वह पानी में रही। लोगों के समझाने पर वह खुद बाहर आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे के आसपास राजघाट पुल के पास लोगों ने एक युवती को नदी के बीच में खड़ा देखा। शुरुआत में लोगों को लगा कि वह नहा रही है लेकिन जब वह लंबे समय तक वहीं खड़ी रही और पानी का बहाव बढ़ने लगा तो लोगों ने आवाज लगाई। युवती ने कुछ देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
करीब आधे घंटे तक लोग उसे समझाते-बुझाते रहे। इसके बाद युवती खुद किनारे आई। सूचना मिलने पर राजघाट पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को थाने ले आई।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि छात्रा बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली है। वह एक फाॅर्मासिस्ट की बेटी है। हाल ही में उसने बीकॉम की पढ़ाई पूरी की थी। किसी निजी कारण से वह नाराज होकर घर से बिना बताए गोरखपुर चली आई थी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। इसके बाद छात्रा को थाने लाए। रात में छात्रा के माता-पिता गोरखपुर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने उसे उनके सुपुर्द कर दिया।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस संबंध में थाना प्रभारी सदानंद सिन्हा ने बताया कि छात्रा को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया है। वह अपनी बेटी को लेकर बिहार रवाना हो गए। युवती निजी कारण से नाराज होकर यहां चली आई थी।