रामगढ़ताल क्षेत्र में हुआ हादसा, आरोपी चालक भागा
मृतका के पिता की तहरीर पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह कॉलेज जा रही छात्रा रानू साहनी (21) की रोडवेज बस की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों की मदद से घायल छात्रा को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कैंट क्षेत्र के मोहद्दीपुर निवासी रानू साहनी (21) अपने भाई के साथ बाइक से गंगोत्री देवी महाविद्यालय जा रही थी। जब दोनों देवरिया बाईपास के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रानू सड़क पर गिर गई और बस के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि उसका भाई घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर भाग गया। मृतका के पिता राजेश साहनी ने रामगढ़ताल थाने में बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कराया। पुलिस ने शव को बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी रामगढ़ताल नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि बस चालक की तलाश जारी है, जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।