उनवल (गोरखपुर)। कुशीनगर निवासी रामनगीना यादव ने प्रेमिका से शादी करके नेपाल में शिफ्ट होने के लिए खुद के अपहरण की झूठी कहानी रची थी। खजनी पुलिस के साथ ही तलाश में लगी क्राइम ब्रांच की जांच में यह चौकाने वाली सच्चाई सामने आई है। पुलिस ने रामनगीना के साथ साजिश में शामिल दो साथियों को हिरासत में ले लिया है। कुशीनगर व देवरिया जिले के रहने वाले युवकों ने पूछताछ में बताया है कि रामनगीना ने पत्नी से फिरौती की रकम वसूलकर लखनऊ में रहने वाली प्रेमिका के साथ नई जिंदगी शुरू करने की योजना बनाई थी।
हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान कुशीनगर जिले के हाटा थानाक्षेत्र के रधिया गांव निवासी किशन और देवरिया के गौरी बाजार स्थित बनकटिया गांव के अनिकेत के रूप में हुई। इनके पास से रामनगीना का मोबाइल फोन मिला है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
एसपी दक्षिणी जितेंद्र कुमार ने बताया कि कुशीनगर जिले के हाटा काेतवाली क्षेत्र के अजीज नगर का रहने वाला रामनगीना यादव खजनी क्षेत्र की एक फैक्टरी में काम करता था। यहां वह पत्नी रिंका के साथ किराए के कमरे में रहता था। 12 अक्तूबर 2024 को रामनगीना लापता हो गया। खोजबीन के बाद पत्नी ने 15 अक्तूबर को खजनी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। लगभग 20 दिन बाद, एक नवंबर को रामनगीना के व्हाट्सएप नंबर से एक काल आई, जिसमें पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। फोन करने वाले ने कहा कि रकम न मिलने पर रामनगीना की हत्या कर दी जाएगी। इसके बाद रिंका ने खेत बेचकर रकम का इंतजाम किया और फोन करने वाले के कहे अनुसार रामनगीना के खाते में रुपये भेज दिए। इसके बाद मांग बढ़ती गई। पहले 10 लाख और फिर 15 लाख मांगे गए। इस पर पुलिस को शक हुआ और छानबीन तेज की।
करीबी दोस्तों की मदद से वसूले रुपये
पुलिस पूछताछ में पता चला कि किशन और अनिकेत, रामनगीना के करीबी दोस्त हैं। दोनों ने कबूल किया कि रामनगीना ने खुद के अपहरण की कहानी रचने और रुपये वसूलने के लिए उनका सहारा लिया। रामनगीना का लखनऊ में रहने वाली एक युवती से प्रेम संबंध था। पत्नी और परिवार की जिम्मेदारियों से बचते हुए वह युवती से शादी करने और नेपाल में स्थायी रूप से बसने की योजना बना रहा था।