नोएडा में छिपकर कर रह रहा था गैंगस्टर एक्ट का आरोपी मोनू शेख
कुशीनगर के तुर्कपट्टी थाने के गुरवलिया गांव निवासी है आरोपी
गोरखपुर। नोएडा के सेक्टर नंबर-132 एटीएस बिल्डिंग में छिपकर रह रहे 25 हजार के इनामी व गैंगस्टर एक्ट के आरोपी पशु तस्कर मोनू शेख को एसटीएफ ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। कुशीनगर के तुर्कपट्टी के गुरवलिया निवासी पशु तस्कर मोनू शेख रामगढ़ताल थाने में गैंगस्टर एक्ट का आरोपी था। पूर्व में भी उस पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा गया था। एसटीएफ ने उसे मार्च माह में गिरफ्तार जेल भिजवाया था।
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर के तुर्कपट्टी थाने के गुरवलिया गांव निवासी 25 हजार का इनामी पशु तस्कर मोनू शेख पर रामगढ़ताल थाने में गैंगस्टर एक्ट का मामला दर्ज हुआ था। जमानत मिलने के बाद मोनू शेख उर्फ वाहिद रजा नोएड के सेक्टर 132 थाना सेक्टर-126 में छिपकर रह रहा था।
एसटीएफ निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि तीन जनवरी 2022 की रात्रि करीब 12:30 बजे पीआरवी-0331 चेकिंग के दौरान एक पिकअप की गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। इस पर इनामी मोनू शेख उर्फ वाहिद रजा अपने चार साथियों के साथ जान माल की धमकी देते हुए जान से मारने की नियत से पथराव करते हुए अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। पीआरवी कर्मी अपनी जान माल बचाते हुए गाड़ी से दूर हट गए थे। इसके बाद पीआरवी की गाड़ी के अंदर घुसकर मोबाइल और 500-600 रुपये डैसबोर्ड से लूटकर भाग निकले थे। मामले में गुलरिहा थाने में केस दर्ज हुआ था। इनामी मोनू शेख उर्फ वाहिद रजा के खिलाफ रुपये 50 हजार का पुरस्कार घोषित हुआ था, जिसे दिनांक 16 मार्च 2023 को एसटीएफ फील्ड इकाई गोरखपुर ने गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया था। आरोपी मोनू शेख उर्फ वाहिद रजा के विरुद्ध थाना रामगढ़ताल में गैंगस्टर एक्ट का मामला दर्ज करते हुए 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया। बताया कि आरोपी नोएडा की एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में नौकरी भी कर रहा था। गिरफ्तार मोनू शेख को रामगढ़ताल थाने में दाखिल किया गया।
-
काफी पुराना है मोनू शेख उर्फ वाहिद रजा का आपराधिक इतिहास
कुशीनगर के तुर्कपट्टी थाने के गुरवलिया गांव निवासी पशु तस्कर मोनू शेख के विरुद्ध कुशीनगर के कसया में चार, रामकोला में एक, तुर्कपट्टी में दो, पडरौना में एक, रामगढ़ताल थाने में दो, तिवारीपुरी, चौरीचौरा, चिलुआताल व रामगढ़ताल में एक-एक मामले दर्ज हैं। इनामी पशु तस्कर मोनू शेख पर करीब 15 मामले अलग-अगल थानों में दर्ज हैं।