सहजनवां थाना क्षेत्र के दीनदयाल नगर बिसरी निवासी थे केसरी नंदन मिश्र
पाली। सहजनवां थाना क्षेत्र के दीनदयाल नगर बिसरी निवासी एसएसबी जवान केसरी नंदन मिश्र (35) की अरुणाचल प्रदेश के तवांग इलाके में बीमारी से मौत हो गई। शनिवार को परिजनों को फोन पर सूचना मिली तो कोहराम मच गया। पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
केसरी नंदन मिश्र सशस्त्र सुरक्षा बल (एसएसबी) में जीडी पद पर तैनात थे। वे 2009 में फोर्स में भर्ती हुए थे और अरुणाचल प्रदेश के तवांग में ड्यूटी पर थे। शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घरवालों को सूचना एसएसबी की तरफ से दी गई। जवान के पिता जगन्नाथ मिश्र सेवानिवृत्त जूनियर हाईस्कूल अध्यापक हैं। चार भाइयों में केसरी नंदन सबसे छोटे थे। बड़े भाई अविनाश मिश्र सेना से रिटायर्ड हैं, जबकि दो अन्य भाई अवधनाथ और केशव मिश्र गांव में रहते हैं। जवान की पत्नी मंजू मिश्र वर्तमान में कुनराघाट में अपनी दो बेटियों अंशिका और आस्था के साथ रहती हैं। बड़ी बेटी कक्षा छह की छात्रा है। जबकि छोटी बेटी कक्षा एक में पढ़ती है। मिली जानकारी के अनुसार, जवान का पोस्टमार्टम तवांग में कराया जा रहा है, जिसके बाद शव को पैतृक गांव लाया जाएगा। सूचना पाकर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे, आलोक त्रिपाठी समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।