जंगल कौड़िया। ड्यूटी से कमरे पर शनिवार को जा रहे एसएसबी जवान भीव सिंह को मनबढ़ों ने कार से टक्कर मार दी। विरोध गाड़ी से उतरे मनबढ़ों ने उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो सभी भाग गए। जवान की तहरीर पर चिलुआताल पुलिस चार अज्ञात पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
राजस्थान के चुरू जिला, उत्तरादा, महैलाना निवासी भीव सिंह ने बताया कि वह एसएसबी में कार्यरत हैं। कैंप परिसर में स्थित संयुक्त चिकित्सालय में उनकी ड्यूटी है। 24 अगस्त को ड्यूटी कर मानबेला स्थित कमरे पर जा रहे थे। रास्ते में यूपी 53 सीयू 2625 नंबर की कार में सवार मनबढ़ों ने टक्कर मार दी। इसका उन्होंने विरोध किया तो कार से चार युवक उतरे और गाली देते हुए डंडे से पीटकर घायल कर दिए। शोर सुनकर राहगीरों ने एकत्र होकर किसी तरह उन्हें बचाया। सीओ कैंपियरगंज विवेक तिवारी ने बताया कि चिलुआताल पुलिस केस दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।