एम्स थाना क्षेत्र के नंदानगर दरगहिया स्थित जेनिथ कॉन्वेंट स्कूल के बाहर बृहस्पतिवार को कुछ अज्ञात युवकों ने स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर और एक छात्र की पिटाई कर दी। घटना के बाद शिक्षक की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आवास विकास कॉलोनी निवासी आदित्य प्रताप सिंह जेनिथ कॉन्वेंट स्कूल में खेल शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2:30 बजे स्कूल की छुट्टी के समय स्कूल गेट के बाहर कुछ बाहरी युवक एक छात्र से झगड़ा कर रहे थे।
शिक्षक ने बताया कि छात्र राजकुमार सिंह 12वीं का विद्यार्थी है। गेट पर मौजूद युवकों ने अचानक राजकुमार की पिटाई शुरू कर दी। जब आदित्य प्रताप सिंह ने बीच-बचाव करते हुए छात्र को छुड़ाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान युवकों ने शिक्षक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। घटना में शिक्षक को कई जगह चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय स्कूल के गेट पर अफरा-तफरी मच गई और छात्रों में डर का माहौल बन गया।
पुलिस ने शिक्षक की तहरीर पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है। एम्स थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।