विरोधी पक्ष के घर के सामने चार घंटे तक शव रखकर किया प्रदर्शन, पुलिस ने समझाकर कराया शांत
चिलुआताल की घटना
चिलुआताल। देवीपुर गांव के छोटका दुर्गापुर में हत्या के प्रयास के मामले में बेटे के जेल जाने से दुखी उसकी मां की शुक्रवार को मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अचानक हार्ट अटैक आया था। मौत के बाद परिजनों ने विरोधी पक्ष, जिन्होंने केस कराया था, उनके घर के सामने शव रखकर चार घंटे (सुबह 10 से दोपहर 2 बजे) तक हंगामा किया। सूचना पर पहुंची चिलुआताल पुलिस ने समझाकर शांत कराया। इसके बाद परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार करने गए।
चिलुआताल थाना क्षेत्र के देवीपुर गांव के छोटका दुर्गापुर निवासी रामसुभग के बेटे सुमित और इसी ग्रामसभा के तिवारीपुर टोला निवासी जयराम के बेटे में मारपीट हो गई थी। आरोप है कि रामसुभग के बेटे को चोटें आई थीं। रामसुभग ने जयराम के बेटे सुमित के खिलाफ केस दर्ज कराया था। जांच पड़ताल और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने सुमित को गिरफ्तार कर 15 दिन पूर्व जेल भिजवा दिया था। सुमित की मां चमेली देवी (50) बेटे के जेल जाने का काफी दुखी थीं। वहीं, परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से ही दूसरे पक्ष के तीन-चार लोग दरवाजे पर चढ़ कर अक्सर धमकाते थे। शुक्रवार भोर में चमेली देवी की मौत हो गई। हंगामे के दौरान पुलिस के समझाने पर परिवारीजन लगभग चार घंटे बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। इधर, पुलिस ने महिला के पति की तहरीर पर उपेक्षा पूर्ण कृत्य से मौत होने की धारा में केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर चिलुआताल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
-
कोट-
महिला की मौत हार्ट अटैक से हुई है। परिवार की मांग थी कि दूसरे पक्ष के लोग घर पर चढ़कर मारपीट किए थे। आरोप के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
गौरव त्रिपाठी, सीओ कैंपियरगंज