जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान शनिवार की सुबह जनता दर्शन के दौरान करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हर हाल में लोगों की समस्याओं का समाधान करें। किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अफसरों को तत्परता और संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन का आयोजन गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में किया गया। सीएम से मिलकर अपनी समस्या बताने वालों में महिलाओं की संख्या अधिक रही। अपराध संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उच्च स्तरीय इलाज का एस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराएं। एस्टीमेट के आधार पर धन उपलब्ध कराया जाएगा।