गोरखपुर। वार्ड नंबर 22 तुलसीराम पश्चिमी और 23, शहीद शिव सिंह क्षेत्री नगर में लोगों की सुविधा के लिए सड़क और नाले का निर्माण कराया जा रहा है। बुधवार सुबह नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने साइकिल से वार्ड का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में सुस्ती मिलने पर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का निर्देश दिया। साथ ही दो दिनों में काम में तेजी न दिखाई तो दूसरे ठेकेदार को काम सौंपने की चेतावनी दी।
तुलसीराम पश्चिमी और 23, शहीद शिव सिंह क्षेत्री नगर में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम लगभग 1.41 करोड़ रुपये से ताड़ी खाना, अकोलवा पुलिया, जेपी मैरिज हाउस होते हुए अंबे ट्रेडर्स तक सड़क और नाले का निर्माण करवा रहा है। सितंबर 2023 में इसका निर्माण शुरू हुआ था और 31 मई तक इसे पूरा करना है। जबकि अभी तक 50 प्रतिशत भी काम पूरा नहीं हो सका।
नगर आयुक्त ने सड़क-नाली के काम में देरी होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एनसीएपी के तहत हो रहे इस काम को कराने वाले ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने का निर्देश दिया।
-
अतिक्रमण हटवाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान नाला निर्माण में कई जगह अतिक्रमण होने पर नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिक्रमण को हटवाते हुए नाले और सड़क का निर्माण बरसात से पहले पूरा कराएं। इस दौरान नागरिकों ने नगर आयुक्त से मिलकर उन्हें जलभराव वाले स्थानों के बारे में अवगत कराया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता संजय चौहान, पार्षद चंद्रभान प्रजापति, अधिशासी अभियंता आदि मौजूद रहे।
-