घोसीपुरवा में नाले में बच्ची के गिरने से मौत के बाद नगर निगम ने शुरू किए सुरक्षा के उपाय
गोरखपुर। नगर निगम ने अभियान चलाकर खुले नालों को ढकना शुरू कर दिया है। तिवारीपुर के इलाहीबाग में जिस खुले नाले में गिरने से आठ वर्षीय बच्ची की मौत हुई थी उसपर स्लैब रख दिया गया है। इसके अलावा बड़े नालों के किनारे बैरिकेड (अवरोध) किया जा रहा है ताकि भविष्य में कोई हादसा न हो।
सोमवार को इलाहीबाग इलाके में निर्माणाधीन घोसीपुरवा नाले पर स्लैब नहीं रखा होने से मदरसे से लौट रही आठ वर्षीय आफरीन फिसलकर उसमें गिर गई थी। बहाव तेज होने से वह करीब 100 मीटर दूर बहकर चली गई। आसपास के लोगों ने उसे निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना था कि नाले पर स्लैब नहीं था जिसकी वजह से यह घटना हुई। इसके बाद मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने अधिकारियों को तत्काल नालों को ढकने के निर्देश दिए। बंधु सिंह नगर के पार्षद मोहम्मद शाहिद अख्तर ने कहा कि बुधवार दोपहर उस स्थान पर नाले पर स्लैब रख दिया गया, जहां बच्ची गिरी थी। हालांकि, वार्ड में बड़े नाले अब भी खुले हुए हैं। कच्ची बाग मखनिया पुल तक नाला खुला हुआ है। करीब दो साल पहले इस नाले में गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
बुधवार को नगर निगम की टीम ने खुले नालों को ढकने और खतरनाक नालों के किनारे बैरिकेड लगाने का काम शुरू कर दिया। टीम ने सबसे पहले इलाहीबाग स्थित नाले का स्लैब रखकर ढका। इसके बाद सभी अवर अभियंताओं ने बुधवार अपने-अपने इलाके में जरूरत के मुताबिक नालों को ढकने और बड़े नालों के किनारे बैरिकेडिंग करने का काम शुरू किया। बुधवार को राजेंद्रनगर, दयानंद नगर, मिर्जापुर, बसंतपुर समेत करीब 25 स्थानों पर बांस से बड़े नाले के किनारे बैरिकेडिंग की गई। अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि सभी जेई को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। बैरिकेडिंग का काम लगातार जारी है।