गोरखपुर। खजनी इलाके के रामपुर पांडेय गांव में छह साल के बच्चे अरुण चौहान को नशेड़ी अतुल पांडेय ने 45 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया। यह सब देख पड़ोसी प्रमोद ने कुएं में कूदकर बच्चे को बाहर निकाला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल के आईसीयू में अरुण को भर्ती कराया। वहां 24 घंटे इलाज के बाद शुक्रवार को डॉक्टर ने डिस्चार्ज कर दिया। घटना के बाद एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बच्चे की जान बचाने वाले प्रमोद को एक हजार रुपये और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।
उनवल प्रतिनिधि के अनुसार, रामपुर पांडेय गांव में बृहस्पतिवार को विनोद चौहान का बेटा अरुण (06) घर के सामने कुएं के पास खेल रहा था। तभी गांव का ही अतुल पांडेय आया और बच्चे का उठाकर कुएं में फेंक दिया। यह देख महिलाओं ने शोर मचाना शुरू किया। तब पड़ोस में रहने वाले प्रमोद ने बहादुरी का परिचय देते हुए 45 फीट गहरे कुएं में कूदकर बच्चे को बाहर निकाला। तब तक बच्चे के शरीर में काफी मात्रा में पानी चला गया था।
मौके पर पहुंची पुलिस ने इसकी जानकारी एसएसपी को दी। एसएसपी ने तत्काल बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराने को कहा। वहां पर 24 घंटे उसका इलाज चला, उसकी हालत में सुधार होने पर शुक्रवार को उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। फिलहाल बच्चे को खजनी सीएचसी पर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। वहीं आरोपी अतुल पांडेय को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी नशेड़ी है, इससे पहले भी वह कई लोगों पर हमले कर चुका है।